20.8 C
New York
Wednesday, September 30, 2026

Buy now

दर्दनाक हादसा : श्राद्ध कर्म के दौरान नदी में डूबे 5 लोग, पिता-पुत्र समेत भतीजे और भांजे की मौत..

दर्दनाक हादसा : श्राद्ध कर्म के दौरान नदी में डूबे 5 लोग, पिता-पुत्र समेत भतीजे और भांजे की मौत..

ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के झांसी के मऊरानीपुर इलाके में मंगलवार दोपहर श्राद्ध कर्म के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। सुखनई नदी में पिंडदान के लिए पहुंचे एक परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। एक व्यक्ति पूजा के दौरान नदी में उतरा था और गहरे पानी में जाने के बाद डूबने लगा।

उसे बचाने की कोशिश में परिवार के चार अन्य लोग भी नदी में उतर गए और सभी हादसे का शिकार हो गए।

पिंडदान के दौरान नदी में उतरे थे अनूप तिवारी..

हादसा मऊरानीपुर थाना क्षेत्र की सुखनई नदी में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। देवीसिंहपुरा निवासी परिवार के लोग एक परिजन के पिंडदान के लिए नदी के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान 45 वर्षीय अनूप तिवारी पूजा करने के लिए नदी में उतर गए। बताया गया कि नदी के बीच पहुंचते ही वह गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें परेशानी में देखकर परिवार के चार अन्य लोग उन्हें बचाने के लिए तुरंत नदी में कूद गए। लेकिन बचाव की कोशिश अचानक बड़े हादसे में बदल गई। एक के बाद एक परिवार के सभी पांच लोग गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

लोगों ने पुलिस को दी सूचना..

नदी में एक साथ कई लोगों के डूबने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।

जानकारी मिलने के बाद रानीपुर चौकी और मऊरानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश अभियान शुरू कराया।

करीब 30 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी मऊरानीपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।

पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की गई जान..

हादसे में जान गंवाने वालों में देवीसिंहपुरा निवासी अनूप तिवारी (45) और उनके बेटे अर्पित (12) शामिल हैं। इनके अलावा अनूप के भतीजे अभिनय तिवारी (26), जो अजय तिवारी के बेटे थे, की भी मौत हुई है।

मृतकों में भांजे पुष्कर शुक्ला (23) और जालौन निवासी श्रेयांश तिवारी (21) भी शामिल हैं। इस हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत होने से परिजनों में मातम छा गया।

मऊरानीपुर सीओ रत्नेश कुमार के अनुसार, अनूप तिवारी अपने किसी परिजन के पिंडदान के लिए नदी पर पहुंचे थे। पूजा के दौरान वह पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए उनके साथ मौजूद चार अन्य लोग भी नदी में उतर गए, लेकिन वे भी गहरे पानी में फंस गए। इसके बाद पांचों की डूबने से मौत हो गई।

हादसे के बाद प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

एसडीएम मनोज कुमार भारती ने बताया कि नियमानुसार परिवार को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से 24 से 48 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

सुखनई नदी में हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। श्राद्ध कर्म के लिए एकत्र हुए परिवार में अचानक पांच लोगों की मौत से मातम का माहौल है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles