पावंटा साहिब नगर परिषद के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव का शेड्यूल जारी

पावंटा साहिब नगर परिषद के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव का शेड्यूल जारी

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

जिला सिरमौर के पावंटा साहिब नगर परिषद में लंबे समय से प्रतीक्षित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए प्रशासनिक और आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। एसडीओ (सिविल) एवं प्रिसाइडिंग ऑफिसर द्विज गोयल द्वारा गुरुवार को इस संबंध में विधिवत नोटिस जारी किया गया। इस अधिसूचना के जारी होते ही उपमंडल में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, नगर परिषद पावंटा साहिब के सभी 13 निर्वाचित पार्षदों को चुनाव प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए सूचित कर दिया गया है। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का चुनाव 4 जुलाई (शनिवार) को सुबह 11:00 बजे नगर परिषद सभागार, पाँवटा साहिब में संपन्न होगा। सभी पार्षदों को निर्धारित समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

एसडीएम (सिविल) द्विज गोयल ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव पूरी तरह से हिमाचल प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1994 (Himachal Pradesh Municipal Act, 1994) तथा हिमाचल प्रदेश म्यूनिसिपल इलेक्शन रूल्स, 2015 के कानूनी प्रावधानों के तहत ही लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा।

द्विज गोयल ने सभी निर्वाचित पार्षदों से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण हिस्से में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करें। चुनाव को लेकर स्थानीय प्रशासन ने अपनी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बैठक और मतदान के दौरान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक प्रबंध कड़े कर दिए गए हैं।

Related posts

Leave a Comment