ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
जिला सिरमौर के कफोटा उपमंडल के बड़वास गांव से एक दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। बड़वास निवासी रमेश चौहान के बेटे और क्षेत्र के ईमानदार खनन रक्षक (माइनिंग गार्ड) कुलदीप चौहान (38) अब इस दुनिया मे नहीं रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, कुलदीप चौहान को अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। परिजन उन्हें तुरंत ईलाज के लिए नाहन अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया।
पीजीआई में डॉक्टरों की टीम लगातार उनके उपचार में जुटी रही। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के भरसक प्रयास किए, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए आखिरकार कुलदीप की सांसों की डोर टूट गई और तमाम कोशिशों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया।
पीछे छूट गया रोता-बिलखता परिवार..
कुलदीप की शादी वर्ष 2020 में बड़े अरमानों के साथ हुई थी। अभी तो गृहस्थी के सपने ठीक से परवान भी नहीं चढ़े थे कि महज छह वर्षों के सफर में ही हमसफर का साथ छूट गया। कुलदीप अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो मासूम बेटों को रोता-बिलखता छोड़ गए। उन मासूमों को तो शायद यह भी नहीं पता कि उनके पिता अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। बच्चों के सिर से पिता का साया इतनी जल्दी उठ जाएगा, इस बात की कल्पना मात्र से ही पूरा गांव स्तब्ध है।

