थाना में क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि की शिरकत..
ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत माशू में लगभग 15 लाख की लागत से निर्मित जोंगपुल-सुनोउ बास संपर्क मार्ग का विधिवत उद्घाटन किया। जिसके उपरांत उद्योग मंत्री ने अधिकारियों सहित इस संपर्क मार्ग का निरीक्षण भी किया।
उद्योग मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जोंगपुल-सुनोउ बास संपर्क मार्ग क्षेत्रवासियों की बहुत पुरानी माँग थी। इस संपर्क मार्ग की हाल ही में फ़ॉरेस्ट क्लीयरेंस करवाई गई तथा इसके निर्माण उपरांत आज इसका उद्घाटन भी कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस संपर्क मार्ग के माध्यम से इस क्षेत्र की लगभग पांच सौ से अधिक आबादी लाभान्वित होगी।
उन्होंने कहा कि शिलाई विधान सभा क्षेत्र के हर इलाके का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है जिसके मद्देनज़र विधान सभा के हर इलाक़े में विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए शिलाई विधान सभा क्षेत्र में बहुत सी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिनके लिए लगभग 300 करोड़ से अधिक का बजट स्वीकृत करवाया गया है जिनका कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा बजट प्रावधान के साथ ही विकास कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश में विकास की गति को रोकने की कोशिश की जा रही है। जिसके दृष्टिगत राजस्व घाटा अनुदान खत्म कर 10 हजार करोड़ रुपए की कटौती की गई है।उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भी प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की ओर अग्रसर है।

इसके उपरांत उद्योग मंत्री ने कांडो चियोग पंचायत के थाना में 11 से 19 अप्रैल 2026 तक आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि नव नवयुवक मण्डल थाना द्वारा आयोजित खुशी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का उपयुक्त मंच उपलब्ध हुआ।
उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियां युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से जहां शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है, वहीं अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।

उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है तथा खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
इस अवसर पर उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया। इस प्रतियोगिता का फ़ाइनल मुक़ाबला सीएसके चडेऊ तथा चूडेशवर वरियर्स नगेता के बीच खेला गया। जिसमें विजेता चूडेशवर वरियर्स नगेता तथा उपविजेता सीएसके चडेऊ टीम रही।

उद्योग मंत्री ने खुशी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 की विजेता टीम चूडेशवर वरियर्स नगेता को 1 लाख 11 हज़ार रुपए की नकद राशि व ट्रॉफी तथा उपविजेता सीएसके चडेऊ टीम को 55 हज़ार पांच सौ पचपन रुपए की नकद राशि व ट्रॉफी दे कर पुरस्कृत किया।
अध्यक्ष नवयुवक मण्डल खुशी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट थाना कुलदीप राणा ने इस टूर्नामेंट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश सहित उत्तराखंड की कुल 64 टीमों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, एसडीएम कफोटा रमन कुमार शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिलाई कल्याण धामटा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति प्रदीप चौहान, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, बीडीओ राजेश नेगी, ओएसडी अत्तर राणा, पूर्व जिला परिषद् सदस्य जगत सिंह पुंडीर, पूर्व प्रधान गुलाब सिंह चौहान, सुनील चौहान तथा रमेश शर्मा व माया राम, सचिव यूथ कांग्रेस अजय शर्मा, अजब सिंह चौहान, रघुवीर चौहान, नरेश ठाकुर, गुरुदत्त चौहान, रघुवीर कपूर, हीरा सिंह चौहान, गुलाब सिंह चौहान, दयाल चौहान, अनिल चौहान, पूर्व प्रधान सुभाष शर्मा व स्याम दत्त शर्मा, पूर्व उपप्रधान गुमान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

