Shimla: सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय फौजी जवान की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

Shimla: सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय फौजी जवान की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

उपमंडल चौपाल के तहत कुपवी तहसील की ग्राम पंचायत कांडा बनाह के टिकरटी के समीप एक दर्दनाक वाहन दुर्घटना में भारतीय सेना के 25 वर्षीय जवान प्रकाश धिरटा का निधन हो गया। छुट्टियों में आए हुए जवान की अचानक हुई असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन (नंबर: HP08 AA-0415) टिकरटी के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन में ग्राम कुजाह (डाकघर कांडा बनाह, तहसील कुपवी, जिला शिमला) निवासी स्वर्गीय भीम सिंह के पुत्र प्रकाश धिरटा सवार थे। बताया जा रहा है कि वह पड़ोस के गांव में बास्केटबॉल खेलने जा रहे थे, तभी दोपहर लगभग 3:30 बजे यह दर्दनाक हादसा पेश आया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें गंभीर अवस्था में उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुपवी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

मृतक जवान भारतीय सेना की 9 पंजाब रेजीमेंट में कार्यरत थे और हाल ही में छुट्टियों पर अपने घर आए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और नायब तहसीलदार नरेश शर्मा ने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की।

जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नेरवा भेजा गया है। रविवार को उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान और राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा, जहां भारतीय सेना की टुकड़ी अपने जांबाज साथी को अंतिम सलामी देगी। इस दुखद हादसे पर चौपाल के विधायक बलबीर सिंह वर्मा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

Related posts

Leave a Comment