ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
जिला सिरमौर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत धौलाकुआं के भारापुर गांव में एक ऐसा मर्मस्पर्शी कर देने वाला वाकया सामने आया है, जिसने सुनने वाले हर शख्स की आंखें नम कर दी हैं। भाई के निधन का गहरा सदमा एक बहन बर्दाश्त नहीं कर सकी और कुछ ही घंटों के भीतर उसने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। इस दोहरी त्रासदी से पूरे क्षेत्र में गहरे शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भारापुर निवासी 70 वर्षीय दिलीप सिंह (जो कि पूर्व बीडीसी सदस्य टेकचंद कश्यप के पिता थे) हाल ही में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। वहीं अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। परिजन उन्हें फौरन अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अपने भाई की आकस्मिक मौत की खबर मिलते ही 53 वर्षीय बहन कमलेश देवी बदहवास हालत में अपने मायके पहुंच गईं। कुछ ही दिन पहले जो बहन भाई के माथे पर भैया दूज का तिलक सजाकर उसकी लंबी उम्र की दुआएं मांग रही थी, उसे उसी भाई का शव देखना पड़ा। भाई के पार्थिव शरीर को देखकर वह गहरे सदमे में चली गईं। इसी मानसिक आघात के बीच उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा। पहले से ही हार्ट पेशेंट रहीं (जिन्हें पहले स्टेंट भी डला हुआ था) कमलेश देवी को परिवार के लोग तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
ग्राम पंचायत प्रधान मलकीत चौधरी ने इस हृदयविदारक घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भाई-बहन के बीच अगाध स्नेह था, जिसे भाई की अर्थी का सदमा सहन नहीं हुआ। दिलीप सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार शाम को किया गया, जबकि बहन कमलेश देवी पंचतत्व में रविवार दोपहर को विलीन हुईं। गांव के ही एक ही श्मशान घाट में दोनों भाई-बहन का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई इस दर्दनाक घटना से पूरा भारापुर गांव गहरे सदमे में है और हर आँख नम है।
