Sirmour: राजगढ़ के ढांगी में ट्रक खाई में गिरा, चालक की मौत, एक घायल

Sirmour: राजगढ़ के ढांगी में ट्रक खाई में गिरा, चालक की मौत, एक घायल

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

जिला सिरमौर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक भीषण सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। यहां ढांगी गांव के पास एक बेकाबू ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 400-500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 12:20 बजे अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी। कुछ समय पश्चात स्थानीय ग्रामीणों को सूचना मिली कि ढांगी गांव के समीप एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सुबह उजाला होने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि ट्रक (नंबर HP07F-1070) बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ था। ट्रक के पिचक चुके केबिन में एक व्यक्ति का शव बुरी तरह फंसा हुआ था। ट्रक मालिक द्वारा मृतक की पहचान टीका राम पुत्र संत राम, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, संजोली (जिला शिमला) के रूप में की गई है। वहीं, हादसे में ट्रक में सवार दीपक पुत्र सूबा राम, निवासी नेपाल नामक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल पाया गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्राथमिक जांच में यह दुर्घटना वाहन चालक द्वारा गाड़ी को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाने के कारण होना पाई गई है। पुलिस थाना राजगढ़ में इस संबंध में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और मामले में आगामी कानूनी व छानबीन की प्रक्रिया जारी है।

Related posts

Leave a Comment