Paonta sahib: नशे के सौदागरों पर कसा शिकंजा, डेढ़ किलो चूरा-पोस्त और चिट्टे के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

Paonta sahib: नशे के सौदागरों पर कसा शिकंजा, डेढ़ किलो चूरा-पोस्त और चिट्टे के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

जिला सिरमौर के सीमावर्ती क्षेत्र पांवटा साहिब में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग जगहों पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर माजरा पुलिस और एसआईयू नाहन की टीमों ने नशे की खेप ठिकाने लगाने की फिराक में घूम रहे तीन तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में पड़ोसी राज्य हरियाणा का एक युवक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ किलो से अधिक चूरा-पोस्त और चिट्टा बरामद कर तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है।

पहले मामले में माजरा पुलिस की टीम पुरुवाला क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सूरजपुर (पुरुवाला) निवासी सलीम खान पुत्र साबर अली अवैध रूप से चूरा-पोस्त की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है और वर्तमान में पुरुवाला-संतोषगढ़ मार्ग (एनएच-7) पर शहीद स्मारक के समीप किसी ग्राहक को नशे की खेप की डिलीवरी देने के लिए खड़ा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 1 किलो 528 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट नाहन की टीम ने चिट्टा तस्करी के प्रयास को विफल किया है। एसआईयू की टीम जब पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त पर थी, तो उसे सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक क्षेत्र में चिट्टा बेचने का कारोबार कर रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत पांवटा साहिब के यमुना पुल बैरियर के समीप राम मंदिर गेट के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध बाइक को रोककर दोनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से 3.05 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महबूब पुत्र इस्लाम अली निवासी गांव कीरतपुर पुरुवाला, पांवटा साहिब और मोहन लाल पुत्र रामदेव निवासी गांव मलिकपुर खादिर, छछरौली, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है। 

पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चूरा पोस्त के मामले में पुलिस थाना माजरा और चिट्टा बरामदगी के मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नशे की इस सप्लाई चेन के मुख्य स्रोतों और स्थानीय खरीदारों का पर्दाफाश किया जा सके।

Related posts

Leave a Comment