ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
सिरमौर और शिमला जिले के सीमावर्ती क्षेत्र कुपवी में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता के बाद घर लौट रहे एक 12वीं कक्षा के छात्र की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान हमीरपुर जिले के आयुष कौंडल के रूप में हुई है। यह दुर्घटना कुपवी से लगभग 3 किलोमीटर दूर धार च्यामा के पास घटी, जब छात्र का सिर बस की खिड़की से बाहर होने के कारण सड़क किनारे लगे एक खंभे से टकरा गया।
जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता के समापन के बाद विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागी अपने-अपने गृह जिलों की ओर लौट रहे थे। इसी क्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाल्टी (हमीरपुर) की टीम को लेकर जा रही बस धार च्यामा के पहाड़ी मार्ग से गुजर रही थी। प्रारंभिक रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आयुष बस की खिड़की के पास बैठा था। सफर के दौरान उसने अपना सिर खिड़की से बाहर निकाला, तभी संकरे और मोड़दार रास्ते पर सड़क किनारे स्थित एक खंभे से उसका सिर जोर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र गंभीर रूप से घायल होकर बस के भीतर ही गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद शिक्षकों और सहपाठियों ने एंबुलैंस व स्थानीय वाहनों की मदद से घायल आयुष को नजदीकी नागरिक अस्पताल कुपवी पहुंचाया। सिर में आई गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी स्थिति बेहद नाजुक थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक आयुष कौंडल पुत्र हुकम सिंह, हमीरपुर जिले की तहसील के गांव बखरोटी (डाकघर लज्या) का निवासी था। इस होनहार छात्र के आकस्मिक निधन से उसके परिवार, विद्यालय, खेल जगत और पैतृक क्षेत्र में गहरी शोक की लहर है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व अन्य आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
