ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
जिला सिरमौर के गिरिपार के दुर्गम क्षेत्र कोड़गा पंचायत के खनलोग गांव के सोमदत्त व संदीप बचपन से दिव्यांग हैं, जहां सोमदत्त के हाथ-पैर नहीं हैं तथा संदीप के हाथ-पैर होने के बावजूद काम नहीं करते, दोनों भाइयों की इस पीड़ा का मामला कुछ दिन पहले जेबीटी अध्यक्ष कल्याण सिंह व सखौली की आशा देवी द्वारा सोशल मीडिया पर पेंशन से संबंधित पोस्ट डालने के बाद सामने आया हैं, जिसने हर एक इंसान के रोंगटे खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि सोमदत्त का हाथ-पैर नहीं होने के कारण आधार कार्ड नहीं बना है, जिस कारण KYC नहीं होने से उनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद हो गई है। जिसके बाद पांवटा साहिब के सामाजिक कार्यकर्ता साहिल गुप्ता व हिमाचल-उत्तराखंड के मशहूर गायक ठाकुर रघुवीर चौहान सहित पूरी टीम खनलोग गांव पहुंची और दोनों दिव्यांग भाइयों सोमदत्त व संदीप से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सोमदत्त के आधार कार्ड को बनवाने की कोशिश की जाएगी तथा पेंशन के मामले को लेकर जल्द ही शिमला जाकर हिमाचल प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव से मिलकर इसका समाधान करवाया जाएगा। ताकि अतिनिर्धन परिवार से ताल्लुक रखने वाले सोमदत्त को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिल सके।

गौरतलब है कि दोनों भाइयों की देखभाल उनकी माता जी करती हैं जो स्वयं कैंसर से पीड़ित हैं और शिमला से उनका उपचार चल रहा है, जिस कारण माता जी से मुलाकात नहीं हो पाई। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता साहिल गुप्ता व गायक ठाकुर रघुवीर चौहान सहित पूरी टीम ने परिवार की आर्थिक मदद भी की हैं।
