12.1 C
New York
Monday, May 11, 2026

Buy now

गर्व से चौड़ा हुआ हिमाचल का सीना, नगरोटा बगवां के डॉ. अनीश अंगारिया भारतीय सेना में बने कैप्टन

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली पंचायत मुहालकड़ के गांव गदियाड़ा (वार्ड नंबर-3) के होनहार युवा डॉ. अनीश अंगारिया ने अपनी कामयाबी से न केवल अपने इलाके का बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। डॉ. अनीश का चयन भारतीय सेना में कैप्टन के पद पर हुआ है। होनहार बेटे की इस शानदार उपलब्धि से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी व जश्‍न का माहौल है। डॉ. अनीश का चयन सेना में बतौर चिकित्सक हुआ है। कैप्टन का पदभार ग्रहण करने के बाद उन्हें महू स्थित मिलिट्री अस्पताल में तैनाती मिली है। अब वे देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के स्वास्थ्य की देखभाल करते हुए राष्ट्र सेवा का अपना दायित्व निभाएंगे।

बचपन से ही मेधावी रहे अनीश की प्रारंभिक शिक्षा शिमला के प्रतिष्ठित सेंट एडवर्ड स्कूल से हुई। इसके बाद 9वीं से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई उन्होंने चंडीगढ़ के गवर्नमैंट मॉडल सीनियर सैकेंडरी स्कूल (सैक्टर 35-बी) से पूरी की। स्कूली दिनों में ही अनीश ने मेडिकल क्षेत्र में अपना करियर बनाने का लक्ष्य तय कर लिया था। अपनी लगन और अनुशासन के दम पर उन्होंने कठिन प्रतिस्पर्धा को पार किया और पंडित जवाहर लाल नेहरू गवर्नमैंट मेडिकल कॉलेज चम्बा से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की।

डॉ. अनीश एक उच्च शिक्षित परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता त्रिलोक चौधरी ऊना स्थित नैशनल इंश्योरैंस में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता सरिता चौधरी गवर्नमैंट मिडल स्कूल चाहड़ी में बतौर शिक्षिका सेवाएं दे रही हैं। उनकी छोटी बहन रिद्धिमा भी चिकित्सा क्षेत्र में हैं और बीडीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं।

डॉ. अनीश अंगारिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और अपने मार्गदर्शकों को दिया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है, जो यह साबित करती है कि कड़ी मेहनत और सही दिशा में किए गए प्रयासों से कोई भी बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles