किशाऊ डैम की राह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में हुई आसान : जयराम ठाकुर
ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
सिरमौर : जयराम ठाकुर ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहाँ में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जब देश कुशल और मजबूत नेतृत्व के हाथों में होता है तो न सिर्फ अतीत के विवाद निपटते हैं बल्कि भविष्य की राह भी आसान होती है।

हिमाचल प्रदेश के लिए अति महत्वाकांक्षी किशाऊ बाँध परियोजना भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व एवं सूझबूझ का नमूना है।उनकी वजह से यह किशाऊ बांध बनने की राह आसान है। वर्ष 1940 में देखे गए इस सपने को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकारों द्वारा दिखाई गई प्रतिबद्धता विकास के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का परिचायक है। परियोजना की लागत का 90 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि केवल 10 प्रतिशत हिस्सा संबंधित राज्यों को मिलकर देना होगा। यह परियोजना हिमाचल सहित संबंधित राज्यों की ऊर्जा, सिंचाई और पेयजल जरूरतों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि हैरानी इस बात की है कि मुख्यमंत्री खुद की पीठ थपथपाए जा रहे हैं जबकि सारे प्रयास केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, जल संसाधन मंत्री सीआर पाटील ने किए और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री ने किए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में दशकों से चले आ रहे 10 जल विवादों को सुलझाने में सफलता मिली है। किशाऊ डैम भी केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सहमति का उदाहरण है। इसके निर्माण से न सिर्फ देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी बल्कि पेयजल संकट से निपटने में सहायता मिलेगी।
“शी हाट” मातृशक्ति के हुनर को बाजार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की नई राह दिखा रहा है : जयराम ठाकुर*
अपने सिरमौर प्रवास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित ‘शी हाट’ का दौरा किया। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों और किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘शी हाट’ हिमाचल की मातृशक्ति के हुनर और मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो स्थानीय संस्कृति और उत्पादों को बाजार से जोड़कर प्रदेश की आर्थिकी को नए आयाम दे रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में किए जा रहे ऐसे प्रयास आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। ‘शी हाट’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को सशक्त करने का सराहनीय माध्यम है।
जयराम ठाकुर ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से भी अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और इस तरह के कार्यों से जुड़ी महिलाओं, व्यक्तियों, संस्थाओं एवं स्वयं सहायता समूहों का भरपूर उत्साहवर्धन करें, ताकि स्थानीय हुनर और उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके।

