18.7 C
New York
Wednesday, September 16, 2026

Buy now

पच्छाद और नाहन में पंचायती राज जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मिले जय राम ठाकुर, भाजपा की जीत के लिए एकजुट होकर जुटने का किया आह्वान

पच्छाद और नाहन में पंचायती राज जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मिले जय राम ठाकुर, भाजपा की जीत के लिए एकजुट होकर जुटने का किया आह्वान

पंचायती राज चुनाव में जनता ने कांग्रेस को नकारा, अब विधानसभा चुनाव में जी आन से जूते कार्यकर्ता जय राम ठाकुर

ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)

सिरमौर : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह तथा नाहन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पंचायती राज के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता का भाजपा के प्रति विश्वास और स्नेह लगातार कायम है। पूरे प्रदेश की तरह पच्छाद और सिरमौर की जनता ने भी भाजपा के पक्ष में भरपूर जनादेश दिया है। यह जनादेश विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले से समझ चुके थे कि यदि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर हुए तो कांग्रेस को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। इसी कारण चुनावों को टालने और रोकने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए गए। भाजपा ने पंचायती राज और स्थानीय निकायों के चुनाव समय पर करवाने के लिए उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़ी। आखिरकार चुनाव हुए और जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से अपना मन स्पष्ट कर दिया। नाहन में जब जनसभा को संबोधित कर रहे थे उस समय बिजली चली गई तब उन्होंने सुक्खू सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि हमारी जनसभाओं में बिजली कटवाना व्यवस्था परिवर्तन का ही एक हिस्सा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायत के चुनाव पांच वर्ष के लिए होते हैं, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता जीवनभर संगठन के साथ जुड़ा रहता है। इसलिए पंचायती राज चुनाव में अपनी किस्मत आजमा चुके सभी कार्यकर्ता, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि और संगठन के साथी एकजुट होकर आगे की लड़ाई के लिए पूरी ताकत से काम करें। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने पंचायती राज चुनावों में देरी करवाने से लेकर राजनीतिक लाभ के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन प्रदेश की जनता ने चुनाव में अपने जनादेश से इसका जवाब दिया है। पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने पच्छाद और नाहन सहित पूरे सिरमौर के नवनिर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी जनप्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और अपने क्षेत्रों के विकास को नई गति देंगे। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने के लिए सभी मिलकर कार्य करें तथा प्रदेश में भाजपा की मजबूत सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी निष्ठा और एकजुटता से आगे बढ़ें। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक व प्रवक्ता बलदेव तोमर, जिला सिरमौर, पच्छाद एवं नाहन विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले नवनिर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles