21.6 C
New York
Tuesday, September 15, 2026

Buy now

महिला कबड्डी टीम की उपलब्धि पर महाविद्यालय में मनाया गया विजय उत्सव

महिला कबड्डी टीम की उपलब्धि पर महाविद्यालय में मनाया गया विजय उत्सव

नाहन, 15 सितंबर। डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय महाविद्यालय, नाहन की महिला कबड्डी टीम ने हिमाचल प्रदेश अंतर-महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता ट्रॉफी प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में महाविद्यालय परिसर में टीम के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

संजौली महाविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में नाहन की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में बिलासपुर की टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया और अपने उत्कृष्ट खेल, अनुशासन एवं टीम भावना से सभी को प्रभावित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभाग की प्राध्यापिका प्रोफेसर भारती को विशेष रूप से बधाई देते हुए टीम के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और सामूहिक भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।

स्पोर्ट्स कमेटी के संयोजक डॉ. विवेक नेगी ने भी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए खिलाड़ियों के परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट टीम भावना की प्रशंसा की।

इस अवसर पर प्राचार्य, स्पोर्ट्स कमेटी के संयोजक, प्रोफेसर भारती तथा महाविद्यालय परिवार ने टीम का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और उसकी सफलता को विजय उत्सव के रूप में मनाते हुए खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। टीम की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles