ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुभाष चौधरी ने पांवटा साहिब में पत्रकार वार्ता कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग में की गई नियुक्तियों पर कड़ा विरोध जताया है।
सुभाष चौधरी ने कहा कि हाल ही में प्रदेश सरकार ने केएस भारती और सपना कटोच को अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग में सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। हैरानी की बात यह है कि ये दोनों ही सदस्य ओबीसी समाज से संबंध नहीं रखते, उसके बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए इन्हें आयोग में नियुक्त कर दिया।
उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति प्रदेश के 18 लाख से अधिक ओबीसी समाज के लोगों के साथ सीधा धोखा और अपमान है। भाजपा नेता ने कहा कि जब प्रदेश में ओबीसी वर्ग के पढ़े-लिखे, अनुभवी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद हैं, तो सरकार को इसी वर्ग के लोगों को आयोग में जगह देनी चाहिए थी।
सुभाष चौधरी ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में ओबीसी समाज ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ओबीसी वर्ग को भूल गए हैं। उन्हें तो सिर्फ अपनी मित्र मंडली और करीबी लोगों को एडजस्ट करना था, इसलिए ओबीसी आयोग जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी गैर-ओबीसी लोगों को बैठा दिया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ओबीसी मोर्चा इस फैसले का पुरजोर विरोध करता है और मांग करता है कि सरकार तुरंत इन दोनों नियुक्तियों को रद्द कर ओबीसी समाज के ही योग्य व्यक्तियों को आयोग में सदस्य नियुक्त करे। यदि सरकार ने ऐसा नहीं किया तो ओबीसी मोर्चा पूरे प्रदेश में इसके खिलाफ आंदोलन छेड़ेगा।
इस मौके पर भाजपा ओबीसी मोर्चा मंडल पांवटा साहिब के अध्यक्ष सुरेश चौधरी भी मौजूद थे।

