ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर बारिश के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के पच्छाद उपमंडल के डिगरी सरजेट गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 6:00 बजे डिगरी सरजेट गांव के निवासी कार (HP52A 6482) में सवार होकर मढ़ीघाट से अपने घर लौट रहे थे, तभी बारिश के कारण उनकी कार फिसल कर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में तीन लोग सवार थे। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस समय पर न पहुंचने के कारण घायलों को उपचार मिलने में देरी हुई, जिससे एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिय

बता दें कि हादसे में कार सवार तपेंद्र सिंह (पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी डिगरी सरजेट) की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी प्रभा देवी का सिविल अस्पताल सराहां में इलाज जारी है। हादसे में घायल कार चालक बलवंत सिंह (निवासी मरयोग) की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया है।

