ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
भारी बारिश के बीच मंगलवार को जिला सिरमौर के कटासन के समीप जलमूषा खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने से चार गुर्जर परिवारों के 25 लोग नदी के बीच फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही नाहन सदर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, होमगार्ड और प्रशासन की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद सभी 25 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। पूरे अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को थाना सदर नाहन में भूपेन्द्र कुमार ने सूचना दी कि कटासन के समीप जलमूषा खड्ड में अचानक पानी का बहाव अत्यधिक बढ़ जाने के कारण चार गुर्जर परिवारों के करीब 25 लोग खड्ड के बीच फंस गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सदर नाहन के नेतृत्व में पुलिस दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम और तहसीलदार पांवटा साहिब पहले से मौजूद थे। बचाव अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी तत्काल मौके पर बुलाकर स्टैंडबाय पर रखा गया।

पुलिस, होमगार्ड और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव और लगातार बारिश के बीच जवानों ने लगभग तीन घंटे तक लगातार प्रयास किए। जैसे ही जलस्तर में कुछ कमी आई, पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने जान जोखिम में डालकर नदी के बीच फंसे सभी लोगों तक पहुंच बनाई और एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बचाए गए लोगों में 6 माह की मासूम बच्ची से लेकर 45 वर्ष तक के महिला-पुरुष शामिल हैं। इनमें गामी (40), भूरा (45), अम्बो (35), जाफर (39), सदम (18), शमशाद (17), मंजूर (36), सेफ (28), लियाकत (27), बिनु (25), हाजरा (37), हुरन (40), आशु (20), खतीजा (11), सुहाना (15), जतुन (12), इरशाद (5), दिलशाद (6), ईरशाद (3), शबीना (डेढ़ वर्ष), इकरा (6 माह), जाफर (10), अब्दुल (15), नानकी (45) और एक अन्य सदस्य शामिल है, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई और सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। अभियान के सफल समापन के बाद क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। प्रशासन एवं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, खड्डों और बरसाती जलधाराओं के समीप जाने से बचें। मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

