ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से सनसनी खेज मामला आया है. आरोप है कि यहां एक शख्स ने अपनी जान पहचान के दंपति को होटल बुलाकर उन्हें नशीला पदार्थ पिला दिया, उसके बाद महिला के साथ दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उसे रिश्तेदारों को भेज दिया. पीड़िता की शिकायत पर सुंदरनगर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर सदर थाना बिलासपुर को मामला भेज दिया है. जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला बिलासपुर सदर की रहने वाली है और वर्तमान में अपने पति के साथ सुंदरनगर में रहती है.

पीड़िता के मुताबिक इस वारदात को 29 मई को अंजाम दिया गया था, लेकिन मामले में अब जाकर शिकायत दर्ज करवाई गई है. बिलासपुर डीएसपी मदन धीमान ने बताया, “महिला की शिकायत पर सुंदरनगर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला सदर थाना बिलासपुर शिफ्ट कर दिया है. मामले की जांच जारी है”.

पीड़िता ने बताया, “बिलासपुर का एक व्यक्ति मेरे और मेरे पति का परिचित है. बीते 29 मई को उस व्यक्ति ने मुझे और मेरे पति को भवाणा (कांगू रोड) स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया था. होटल में बातचीत के दौरान आरोपी ने चकमा देकर हमारे खाने और शराब में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसका सेवन करते ही दोनों अचेत हो गए. जिसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया”.
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए. घटना के बाद आरोपी यहीं नहीं रुका. पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उन अश्लील फोटो और वीडियो को एक महिला समेत अन्य परिचितों को भेज दिया. वीडियो प्रसारित होने से पीड़िता और उसके परिवार की समाज में भारी बदनामी हुई है. पीड़िता और उसके परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

