ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के अंतर्गत आते गांव खैरी में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही जेसीबी मशीन ने घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खैरी (डाकघर त्रिलोकपुर) निवासी असलम खान पुत्र स्वर्गीय नाजरदीन ने पुलिस थाना कालाअंब में इस घटना के संबंध में बयान दर्ज करवाया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते कल (6 जुलाई) की शाम करीब 7:00 बजे उनके मकान के बाहर एक दुखद वाकया पेश आया। उनका एक किरायेदार पिंटू, जो मूल रूप से अन्य क्षेत्र का रहने वाला है, उसका करीब दो वर्षीय बेटा प्रियांशु कमरे के बाहर खेलते-खेलते अचानक पास ही सड़क पर पहुंच गया।
इसी दौरान सड़क पर एक जेसीबी मशीन आई, जिसका चालक वाहन को बेहद तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए सड़क पर मौजूद छोटे बच्चे को अनदेखा किया और जेसीबी की अगली बकेट (बाल्टी) से मासूम प्रियांशु को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बच्चा दूर जा गिरा और उसे शरीर पर काफी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद घायल बच्चे को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने घटना की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी जेसीबी चालक संजीव कुमार, निवासी बकाला, तहसील बिलासपुर, हरियाणा के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने और मासूम की जान जोखिम में डालने के तहत पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर लिया है और मामले में आगामी जांच जारी है।

