ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां पर एक मिस्त्री पर नाबालिग मंदबुद्धि लड़की के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। फिलहाल, पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के रोहडू थाना क्षेत्र का है। पीड़िता (15 वर्षीय) नौवीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है। पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उन्होंने अपने मकान की मरम्मत के लिए मूल रूप से बिहार के रहने वाले रोहित नाम के एक मिस्त्री को बुलाया था। शनिवार (27 जून) को दोपहर के समय जब परिवार के सभी सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे, तब आरोपी रोहित ने मौके का फायदा उठाया। उसने घर में अकेली मौजूद नाबालिग मंदबुद्धि लड़की के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की।
वहीं, पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। फिलहाल, पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

