ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में गर्मी से हाल बेहाल है. पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी रिकॉर्ड भीषण गर्मी दर्ज की जा रही है. गर्मी का आलम यह है कि मौसम विभाग ने गुरुवार, 21 मई के लिए हिमाचल के चार जिलों में कुछ स्थानों पर हीटवेव के लिए येलो वॉर्निंग जारी किया है. लोगों को अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी रही है. हीटवेव का असर पर्यटन पर भी दिखने लगा है. लू से राहत पाने के लिए आ रहे सैलानी यहां भी गर्मी से परेशान दिख रहे हैं.
हिमाचल में पारा 43 डिग्री के पार
वर्षों से शिमला समेत प्रदेश के कई पर्यटन स्थलों पर चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए मैदानी इलाकों के लोग भारी संख्या में आते रहे हैं. हालांकि, इस बार, सैलानियों को पहाड़ी शहर पहले से काफी गर्म महसूस होने लगा है. हिमाचल में विभिन्न जिलों में भीषण गर्मी से हाल बेहाल है. हिमाचल भी भीषण गर्मी और लू से झुलसने लगा है. बुधवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि, शिमला में दिन का तापमान बढ़कर 30.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.
मौसम विभाग के मुताबिक, आज (गुरुवार, 21 मई) प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हीटवेव, गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मैदानी एवं निचले पर्वतीय क्षेत्र में मौसम शुष्क रहने वाला है. मध्य पर्वतीय क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है. वहीं, उच्च पर्वतीय क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी के आसार हैं. प्रदेश के अन्य जिलों में किसी तरह की कोई चेतावनी नहीं है. वहीं, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को किन्नौर और लाहौल स्पीति जिले में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
हिमाचल के 4 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के ऊना, शिमला, कांगड़ा और सोलन जिले में एक-दो स्थानों पर हीटवेव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, चंबा जिले में एक-दो स्थानों पर गरज चमक और बिजली गिरने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कांगड़ा जिले में एक-दो स्थानों पर हीटवेव के साथ गरज चमक और बिजली गिरने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, कुल्लू जिले में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
हिमाचल में मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार 22 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना है. इसके अलावा सप्ताह के अन्य दिनों के दौरान एक से दो स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी के आसार है. अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके अलावा अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.

