Paonta Sahib: भाई के जन्मदिन पर 10 साल की मासूम बहन का यमुना घाट पर मिला श+व, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Paonta Sahib: भाई के जन्मदिन पर 10 साल की मासूम बहन का यमुना घाट पर मिला श+व, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब में बुधवार देर शाम एक बेहद दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां यमुना घाट से एक 10 वर्षीय बच्ची का शव बरामद किया गया है। महज एक महीने के भीतर यमुना नदी से किसी लापता का शव मिलने का यह दूसरा मामला है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। वहीं बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घर में अकेली थी बच्ची, अलमारियों का सामान बिखरा मिला 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका अपने प्रवासी माता-पिता के साथ कृपालशिला गुरुद्वारा रोड पर जलजीरा गुरुद्वारे के समीप एक किराए के कमरे में रहती थी। बुधवार को मृतका के भाई का जन्मदिन था। माता-पिता जन्मदिन का सामान खरीदने के लिए बाजार गए हुए थे, जबकि 10 वर्षीय बच्ची घर पर अकेली थी। जब परिजन बाजार से वापस लौटे, तो घर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। घर की अलमारियों का सामान बुरी तरह बिखरा हुआ था और बच्ची वहां से गायब थी।

तलाश के दौरान मिली मनहूस खबर

परिजनों ने तुरंत आसपास के इलाके में बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई और खुद भी खोजबीन में लगे रहे। इसी बीच, देर शाम उन्हें सूचना मिली कि यमुना नदी में एक बच्ची का शव तैरता हुआ मिला है। घबराए परिजन जब यमुना घाट पहुंचे, तो उन्होंने शव की शिनाख्त अपनी लापता बेटी के रूप में की।

पोस्टमार्टम के लिए नाहन भेजा गया शव

घटना की भनक लगते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया गया है।

घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी कुलवंत सिंह और डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि घर में कौन दाखिल हुआ था।

हादसा या हत्या? पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उठेगा पर्दा

बता दें कि इससे पहले भी इलाके से एक लड़की लापता हुई थी, जिसका शव बाद में यमुना नदी से ही बरामद हुआ था। लगातार हो रही इन घटनाओं से पुलिस की कार्यप्रणाली और इलाके की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बच्ची खुद नदी तक पहुंची या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Related posts

Leave a Comment