ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मिले एक अज्ञात अधजले शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि मृतका हरियाणा की रहने वाली थी और उसकी हत्या अंबाला में की गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी नवीन को पांवटा साहिब के समीप से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला प्रेम प्रसंग और उसके बाद की गई नृशंस हत्या का लग रहा है। यह वारदात किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं थी।
पुलिस जांच के अनुसार, पांवटा साहिब उपमंडल की कोलर पंचायत में नेशनल हाईवे-07 से करीब 100 मीटर दूर जंगल में युवती का अधजला शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद माजरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, जिसमें कई अहम सुराग हाथ लगे। जांच के दौरान सामने आया कि मृतका हरियाणा की रहने वाली थी और आरोपी नवीन ने युवती की हत्या हरियाणा के जिला अंबाला स्थित अपने घर (बराडा) में की थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक बैग में भरा और उसे ठिकाने लगाने के लिए हिमाचल प्रदेश में लाया…फिर पहचान छिपाने के उद्देश्य से जंगल में आग के हवाले कर दिया गया।
आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबाला के बराडा थाना पुलिस और सिरमौर की माजरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन निवासी बराडा, जिला अंबाला को पांवटा साहिब के बातापुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और एक अन्य व्यक्ति शव को रेहड़ी पर ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे। इन फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई तेज की। बराडा पुलिस ने पहले ही इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस जघन्य अपराध में नवीन के साथ और कौन-कौन शामिल था। साथ ही, हत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

