हिमाचल में पर्यटकों का हुड़दंग, चलती कार की खिड़की से बाहर लटककर पी रहे बीयर, Viral Video होने के बाद लोगों में रोष

हिमाचल में पर्यटकों का हुड़दंग, चलती कार की खिड़की से बाहर लटककर पी रहे बीयर, Viral Video होने के बाद लोगों में रोष

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश की शांत वादियों और सुरक्षित सड़कों पर बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर स्टंट करने और शराब पीने का एक नया मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में हरियाणा नंबर की कार में सवार कुछ युवक न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे हैं।

चलती गाड़ी में ही बीयर पी रहे युवक

यह घटना 2 मई की बताई जा रही है, जो बैहना और चक्कर क्षेत्र के बीच सामने आया। वायरल हो रहे 20 सेकंड के इस वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि हरियाणा नंबर (HR 26F Y9792) की एक तेज रफ्तार कार के दरवाजे खोलकर दो युवक आधे शरीर को बाहर निकालकर बैठे हैं। युवक चलती गाड़ी में ही बीयर पी रहे हैं और खाली कैन व बोतलें सड़क पर फेंक रहे हैं। पीछे चल रहे एक अन्य वाहन के यात्रियों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।

स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश

वीडियो वायरल होने के बाद से ही स्थानीय जनता में पर्यटकों के इस व्यवहार को लेकर गहरा रोष है। लोगों का आरोप है कि कुछ पर्यटक हिमाचल के शांत वातावरण को बिगाड़ने और पर्यटन की मर्यादा को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इस तरह की हरकतें न केवल दुर्घटनाओं को न्योता देती हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य चालकों के लिए भी असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं। वीडियो का संज्ञान लेते हुए मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कार के नंबर के आधार पर दोषियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Related posts

Leave a Comment