9.4 C
New York
Tuesday, April 28, 2026

Buy now

बस को बचाने के चक्कर में पलटा रेत से भरा ट्रैक्टर, ग्रामीणों ने ऐसे बचाई चालक की जान

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

संसारपुर टैरस से डाडासीबा सड़क पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रेत से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक बुरी तरह फंस गया था। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने मौके पर त्वरित सूझबूझ और साहस दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक उमेश चंद निवासी ग्राम पंचायत बाड़ी, आज सुबह करीब 8.15 बजे ट्रैक्टर में रेत भरकर संसारपुर टैरस से बाड़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान वनरक्षक आवास के सामने तीखे मोड़ पर अचानक सामने से एक सरकारी बस आ गई। हादसे की मुख्य वजह सड़क की खराब स्थिति बनी। सड़क के एक तरफ गहरा गड्ढा था और दूसरी तरफ खाई। जैसे ही चालक ने सामने से आ रही बस को देखा, तो उसने ट्रैक्टर को संभालने का प्रयास किया, लेकिन जगह की कमी और सड़क के किनारों की स्थिति के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर घरों की ओर जाने वाले रास्ते पर पलट गया। इस हादसे में चालक उमेश चंद ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग फरिश्ता बनकर सामने आए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल चालक को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है और वह फिलहाल सुरक्षित बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही संसारपुर टैरस पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और अस्पताल जाकर घायल चालक के बयान कलमबद्ध किए। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। प्राथमिक जांच में सड़क का तीखा मोड़ और सड़क किनारे बना गड्ढा हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर सड़क की मरम्मत की जाए और दूसरी तरफ रेलिंग लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles