ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के भवारना पुलिस थाना क्षेत्र में एक बेहद घिनौनी और मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दरिंदगी की हदें पार करते हुए उसका यौन शोषण किया। इस अमानवीय कृत्य के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई और उसने बच्चे को जन्म दिया है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला तब उजागर हुआ जब 23 अप्रैल को पीड़िता स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर सिविल अस्पताल पहुंची। वहां डॉक्टर ने जब उसका चैकअप किया तो पाया कि वह गर्भवती है। डॉक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत इस बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने अस्पताल से सूचना मिलते ही मामला दर्ज किया और पीड़िता के बयान लिए। पीड़िता ने अपने ही पिता पर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया। बयानों के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया।
डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 29 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

