रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से बेहाल हिमाचल, इस दिन से बदलेगा मौसम

रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से बेहाल हिमाचल, इस दिन से बदलेगा मौसम

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। अप्रैल के महीने में ही लोगों को जून जैसी तपिश का सामना करना पड़ रहा है। मैदानी इलाकों के साथ-साथ अब पहाड़ों पर भी पारा तेजी से चढ़ रहा है, जिससे दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। आलम यह है कि शिमला और मनाली जैसे ठंडे पर्यटन स्थलों पर भी धूप का असर इतना बढ़ गया है कि दोपहर में सैलानियों की भीड़ कम होने लगी है।

हालिया आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की भारी वृद्धि देखी गई है। ऊना शहर इस सीजन में सबसे गर्म रहा, जहाँ तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। इसके अलावा कांगड़ा, सुंदरनगर, मंडी और नाहन जैसे इलाकों में भी भीषण गर्मी महसूस की जा रही है, जहाँ पारा 32 से 35 डिग्री के पार जा चुका है।

राहत की खबर: कल से बदलेगा मौसम

तपती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से 24 अप्रैल से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी शुरू हो सकती है।

25 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहने और मौसम खराब रहने का अनुमान है। 26 और 27 अप्रैल को मध्यम और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 28 अप्रैल को एक बार फिर पूरे राज्य में मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है।

उम्मीद है कि आने वाले इन चार-पांच दिनों में होने वाली बारिश से बढ़ते तापमान पर लगाम लगेगी और लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से कुछ निजात मिल सकेगी।

Related posts

Leave a Comment