ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
21 अप्रैल को राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस के अवसर पर यमुना शरद महोत्सव धार्मिक अनुष्ठान समिति के सदस्यों ने युवा प्रशासनिक अधिकारी द्विज गोयल को शुभकामनाओं के साथ-साथ सम्मानित किया। प्रतिवर्ष इस दिवस को प्रशासनिक अधिकारियों के उत्कृष्ट योगदान की शैली में कार्य क्षमता वृद्धि एवं नव ऊर्जा संचार के संदर्भ में मनाया जाता है। मदन शर्मा ने इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारी इस देश के लिए स्टील फ्रेम का काम करते हैं। अजय शर्मा ने इस दिवस के महत्व पर बल देते हुए कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सर्वप्रथम 21 अप्रैल 1947 को प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को बेहतरीन कार्य करने के लिए सम्मानित करते हुए प्रतिवर्ष इस दिवस को मनाने का संकल्प लिया था। शर्मा जी ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी निष्पक्षता, निडरता, सत्य निष्ठा एवं कर्तव्य परायणता के साथ राष्ट्र का सर्वांगीण उत्थान करते हैं । इस अवसर पर जीवन प्रकाश जोशी भी उपस्थित रहे एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने आभार व्यक्त करते हुए अपने पद के अनुरूप कार्य सामर्थ्य अपनाने की बात कही। इस अवसर पर समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

