ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
कभी मैदान में उतरने के लिए हौसला चाहिए होता है, तो कभी मैदान तक पहुंचने के लिए भी जंग लड़नी पड़ती है। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित पांवटा साहिब के एक खिलाड़ी ने अपनी मेहनत और जुनून के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का रास्ता तो बना लिया है। मगर अब एक नई चुनौती उनके सामने खड़ी हो गई है। मौका बड़ा है, सपना उससे भी बड़ा है, मगर रास्ते में आर्थिक मुश्किल आ गई है।
पैरा थ्रो बॉल में हुआ है जसबीर का चयन
दरअसल, ग्राम पंचायत कोटड़ी ब्यास निवासी जसबीर सिंह का चयन एशियन इंटरनेशनल पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 19 से 23 नवंबर तक श्रीलंका में आयोजित होने वाली है। जसबीर के चयन की खबर सामने आने के बाद उनके गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अब उनकी नजर अंतरराष्ट्रीय मैदान में भारत का प्रतिनिधित्व करने और देश के लिए पदक जीतने पर है।
जसबीर के लिए खेल का यह सफर अचानक नहीं बना है। उन्होंने इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया है। वह सिटिंग वॉलीबॉल की तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश की टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हासिल अनुभव के बाद अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। जसबीर का कहना है कि भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेलना उनका पुराना सपना रहा है और इस चयन ने उस सपने को पूरा करने का मौका दिया है।
जसबीर के लिए सबसे बड़ी परेशानी अब प्रतियोगिता के लिए श्रीलंका जाने और वहां होने वाले खर्चों को लेकर है। चयन होने के बाद परिवार और ग्रामीणों में उत्साह है, लेकिन आर्थिक संसाधन सीमित होने के कारण उनके लिए यह सफर आसान नहीं है।
जसबीर को आर्थिक सहयोग चाहिए
जसबीर चाहते हैं कि सरकार, प्रशासन और समाज की ओर से उन्हें आर्थिक सहयोग मिले, ताकि वह बिना किसी आर्थिक बाधा के श्रीलंका पहुंचकर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकें। उनका कहना है कि वह सिर्फ प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए नहीं, बल्कि भारत के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरना चाहते हैं।
जसबीर ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से आर्थिक सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते मदद मिलती है तो वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे और हिमाचल का नाम रोशन करने की कोशिश करेंगे।
पैरा थ्रो बॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं जसबीर
पांवटा साहिब के SDM द्विज गोयल ने भी जसबीर सिंह से मुलाकात की है। उन्होंने बताया कि जसबीर पैरा थ्रो बॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं और प्रतियोगिता के लिए श्रीलंका जाने वाले हैं। SDM ने कहा कि प्रशासन की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

