ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
मजदूर नेता प्रदीप चौहान ने केंद्र सरकार के बजट को लेकर बड़े सवाल खड़े किए हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट मजदूरों के हित में बिल्कुल भी नहीं है और हिमाचल प्रदेश को इस बार भी कुछ नहीं मिला।
प्रदीप चौहान ने कहा कि रेलवे लाइन को लेकर पिछले कई वर्षों से सिर्फ वादे किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी रेलवे लाइन का आश्वासन दिया था, लेकिन बजट में इसका कोई जिक्र तक नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं रखा गया और उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
मजदूर नेता ने कहा कि जहां मंहगाई कम होनी चाहिए थी और मजदूरों को रोजगार मिलने चाहिए थे, वहां बजट पूरी तरह नाकाम नजर आ रहा है। केंद्र की मोदी सरकार पूंजीपतियों का ध्यान रख रही है, जबकि गरीब और मजदूर आज भी परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बागवानों के लिए भी कोई बड़ी योजना बजट में नहीं दिखाई दी और न ही सड़कों के निर्माण या विकास कार्यों को लेकर कोई ठोस घोषणा की गई है।
प्रदीप चौहान ने मुख्यमंत्री के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने भी इस बजट को हिमाचल के लिए “काला दिन” बताया है। उन्होंने दोहराया कि यह बजट न केवल हिमाचल प्रदेश के लिए बल्कि मजदूर वर्ग के लिए भी काला दिन है, क्योंकि इसमें आम लोगों के लिए कुछ भी नहीं है।
