ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां पर पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक कार बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के ठियोग क्षेत्र के छैला के अंतर्गत चेउ नाला में शरमला के समीप हुआ। मृतक की पहचान संदेश, पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी गांव पोहल, डाकघर बखोल, तहसील कोटखाई (शिमला) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार (नंबर HP09B-1150) में दो लोग सवार थे। हादसे से ठीक पहले एक व्यक्ति वाहन से नीचे उतर गया था, जिसके बाद अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर कार पर आ गिरे। इस हादसे में कार सवार संदेश के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ठियोग थाना पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है।
