सिरमौर पुलिस ने 8 दिन बाद सुलझाई शिलाई की ब्लाइंड मर्डर गुत्थी, गोली चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार..
ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
सिरमौर पुलिस ने उपमंडल शिलाई के तहत मोटरसाइकिल पर गोली चलाने वाली वारदात को सुलझाने का दावा किया है. इस संबंध में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने 8 दिन बाद ब्लाइंड मर्डर गुत्थी सुलझाई है। आरोपी को पुलिस अब कोर्ट में पेश करेगी और कोर्ट से पुलिस रिमांड लेने का आग्रह करेगी.
क्या है पूरा मामला..
पुलिस के अनुसार 10 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे रविंद्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल नंबर HP71A-4396 पर चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी, डाकघर जामू कोटी, तहसील ददाहू, लौट रहा था। इसी दौरान कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही पल बाद मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा खजान सिंह नीचे गिर गया। रविंद्र सिंह जब घर पहुंचा तो उसने हेलमेट की जांच की। हेलमेट के पिछले हिस्से में छेद था और उसके अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली बरामद हुई। उसके सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गोली चलाकर हत्या करने का संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।
पुलिस ने गठित की थी SIT..
इस ब्लाइंड मर्डर की जांच के लिए SIT गठित की थी. पुलिस अधीक्षक सिरमौर और SDPO पांवटा साहिब ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण SFSL जुन्गा की विशेषज्ञ टीम से भी करवाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल (SIT) गठित किया। तकनीकी साक्ष्यों और लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। अब पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए 18 नवंबर को विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिंबी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया।
ये बनी वजह..
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार आरोपी विनोद की बहन सुमन को मृतक के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने के कारण वह रंजिश रखता था। इसी बात को लेकर उसने कथित तौर पर सोची-समझी साजिश के तहत खजान सिंह की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा.
