Sirmaur: 2 सगे भाइयों का रास्ता रोककर बड़ी वारदात! गले और कान के पास आईं चोटें, पुलिस ने दर्ज किया केस

Sirmaur: 2 सगे भाइयों का रास्ता रोककर बड़ी वारदात! गले और कान के पास आईं चोटें, पुलिस ने दर्ज किया केस

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

जिला मुख्यालय नाहन के कैंट चौक के समीप दो सगे भाइयों का रास्ता रोककर उनके साथ बदसलूकी करने और धारदार वस्तु से वार कर उन्हें जख्मी करने का एक मामला सामने आया है। बिना किसी उकसावे के अंजाम दी गई इस वारदात में दोनों भाइयों को गले और कान के पास चोटें आई हैं। सरेराह पेश आई इस घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस थाना सदर नाहन में दर्ज करवाई गई शिकायत में शहर के कच्चा टैंक (मकान नंबर 576/11) निवासी विशाल पुत्र स्वर्गीय बिमल कुमार ने पूरे घटनाक्रम का ब्यौरा दिया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बीते 5 नवम्बर की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने भाई चेतन के साथ कैंट चौक स्थित ‘बिग वे’ के पास खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान आर्मी कैंट क्षेत्र के रहने वाले कमल नारायण नामक व्यक्ति ने वहां आकर बिना किसी वजह के दोनों भाइयों के साथ अभद्र व्यवहार और अपशब्दों का प्रयोग करना शुरू कर दिया।

पीड़ित के मुताबिक, माहौल बिगड़ता देख और किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए जब दोनों भाई वहां से अपने घर की ओर लौटने लगे तो तैश में आए आरोपी ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि दोनों भाई अपना बचाव कर पाते, आरोपी ने उन पर चाकू से वार कर दिया। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम में विशाल के गले और उसके भाई चेतन के कान के समीप चोटें आई हैं।

उधर, मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सदर नाहन में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

Related posts

Leave a Comment