पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा दायित्व: सुखराम चौधरी
सेवा संकल्प अभियान के तहत किशनकोट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगाए 700 पौधे
पाँवटा साहिब, 19 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान “जनसेवा से राष्ट्रसेवा” के तहत भारतीय जनता पार्टी विधानसभा पाँवटा साहिब के दोनों मंडलों द्वारा ग्राम पंचायत अजोली के किशनकोट में वन भूमि पर व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। विधायक एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने 700 पौधे लगाए।

इस अवसर पर सुखराम चौधरी ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ पर्यावरण की नींव रखता है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा और जनकल्याण की भावना को पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “जनसेवा का अर्थ केवल जरूरतमंद की सहायता करना नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण की सेवा करना भी है।”
सुखराम चौधरी ने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से आह्वान किया कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कुछ पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि किशनकोट में लगाए गए 700 पौधे आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय पर्यावरण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

अभियान के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार एवं रमेश तोमर, चरणजीत सिंह चौधरी, वन विभाग के अधिकारी सुरेंद्र कुमार, वन विभाग के कर्मचारी सुभाष चौधरी, अविनाश सैनी, राहुल चौधरी, नवनीत चौधरी, सुरेश सैनी, पूर्व प्रधान नरेंद्र कुमार, प्रधान कांता देवी, उपप्रधान अनिल कुमार, अविनाश झाबा, सुशील भंडारी, तरनजीत सिंह गिल, अशोक शर्मा, तिरुपति कंपनी के कर्मचारी,वन समिति किशनकोट के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान” के माध्यम से जनसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को भी जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा।

