ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
रक्षाबंधन के दिन हिमाचल में बड़ा हादसा हुआ है. जिला कुल्लू के मुख्यालय के साथ लगते भेखली ब्यासर सड़क मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस अचानक ब्रेक फेल होने के कारण पहाड़ी से जा टकराई. गनीमत यह रही कि यह बस पहाड़ी से टकराई. वरना खाई में गिरने के चलते बड़ा हादसा सामने आ सकता था. वहीं, रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे से स्थानीय लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है. कई बहनें रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने जा रही थीं, कुछ बहनें वापस घौर लौट रही थीं.
रक्षाबंधन के दिन हुआ बड़ा बस हादसा
यात्रियों के अनुसार, एचआरटीसी की इस बस में 60 से अधिक लोग सवार थे और 35 से अधिक लोग ढालपुर अस्पताल में भेजा गया है, जिनमें अधिकांश लोगों की हालत बेहतर बताई जा रही है. एचआरटीसी बस के चालक की छाती में छोटे आई हैं और ढालपुर अस्पताल में ड्राइवर का इलाज शुरू किया गया है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस की टीम भी ढालपुर अस्पताल पहुंच गई है और दुर्घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है.
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ. निगम की बस बयासर से कुल्लू की तरफ आ रही थी. इसी दौरान रास्ते में अचानक ब्रेक फेल होने से बस पहाड़ी से जा टकराई. बस के चालक ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और बस को ढांक से टकरा दिया और टक्कर के कारण बस रुक गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की और घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां सड़क के किनारे ढांक है. ऐसे में अगर बस अनियंत्रित होकर ढांक से नीचे चली जाती तो हादसा कहीं ज्यादा गंभीर हो सकता था. चालक ने समय रहते बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया और उसे ढांक से टकराकर रोक दिया. वहीं, बस में सवार यात्रियों के परिजन भी घायलों की जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं.
डीसी कुल्लू का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे एडीएम सुरजीत राठौर ने बताया कि, “दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और दुर्घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है. फिलहाल पुलिस की टीम इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश में जुटी है.”

