Sirmour: जयहर और राजगढ़ के दो युवक सिरिंज से नशा लेते धरे गए, 1.28 ग्राम चिट्टा बरामद

Sirmour: जयहर और राजगढ़ के दो युवक सिरिंज से नशा लेते धरे गए, 1.28 ग्राम चिट्टा बरामद

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

जिला सिरमौर में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत राजगढ़ पुलिस की डिटैक्शन सैल टीम को सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने दो युवकों के कब्जे से 1.28 ग्राम अवैध चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल डिटैक्शन सैल की पुलिस टीम गश्त और कानून-व्यवस्था के निरीक्षण के सिलसिले में राजगढ़ श्मशान घाट के समीप मौजूद थी। इस दौरान श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बैठे दिखाई दिए। पुलिस ने देखा कि उनमें से एक युवक के हाथ में इंसुलिन की सिरिंज थी, जबकि दूसरे युवक के पांव के पास माचिस की डिब्बी रखी हुई थी।

पुलिस टीम को देखते ही दोनों युवक घबरा गए। जब पुलिस अधिकारियों ने उनसे हाथ में मौजूद सिरिंज के बारे में पूछताछ की, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कड़ाई से की गई पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम विवेक चौहान निवासी गांव धारनू (डाकघर जयहर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर) और दूसरे ने अपना नाम शुभम कमल निवासी कमल निवास (राजगढ़, जिला सिरमौर) बताया।

इसके बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 1.28 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। राजगढ़ पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है और मामले में आगामी जांच व अन्वेषण जारी है।

 

Related posts

Leave a Comment