ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
औद्योगिक कस्बे बद्दी में स्पा सैंटर की आड़ में चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बद्दी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उप पुलिस अधीक्षक योगराज चंदेल के नेतृत्व में गठित अलग-अलग पुलिस टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर साई रोड स्थित तीन स्पा सैंटरों पर एक साथ दबिश दी, जिससे स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीमों की जांच में यह स्पष्ट रूप से पाया गया कि इन तीनों स्पा सैंटरों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों को संचालित किया जा रहा था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से 7 युवतियों को सुरक्षित रूप से रैस्क्यू किया। पुलिस ने इन युवतियों की सुरक्षा और गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और उसके बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

इस पूरे मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। स्पा सैंटरों के संचालकों और वहां मौजूद संबंधित मैनेजरों के विरुद्ध पुलिस थाना बद्दी में विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया कि स्पा सैंटरों या किसी भी अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे संदिग्ध प्रतिष्ठानों पर पुलिस लगातार कड़ी निगरानी रख रही है। एसपी ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि बद्दी पुलिस क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

