ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर है. यदि सिर्फ उम्र सीमा के कारण आपका सपना अधूरा रह गया था तो अब आपके पास एक और मौका है. राज्य सरकार के फैसले के बाद हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) भर्ती के लिए सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को ऊपरी आयु सीमा में एक वर्ष की एकमुश्त छूट देने का निर्णय लिया है.

इतना ही नहीं, युवाओं को आवेदन का अतिरिक्त अवसर देते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी 15 दिन बढ़ाकर 21 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक कर दी गई है. आयोग के इस फैसले से वे अभ्यर्थी भी अब भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे, जो पहले आयु सीमा के कारण आवेदन नहीं कर पा रहे थे. ऐसे में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह फैसला बहुत बड़ी राहत लेकर आया है.

हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सोमवार को जारी एडेंडम के अनुसार यह छूट विज्ञापन संख्या 57-7/2026 और 58-7/2026 के तहत निकाली गई कांस्टेबल भर्ती पर लागू होगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी अब 21 अगस्त तक आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. निर्धारित समय के बाद आवेदन लिंक स्वतः बंद हो जाएगा.
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है. भर्ती से संबंधित अन्य सभी नियम एवं शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी.

