ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के बाह्य सिराज क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 14 साल की एक नाबालिग के गर्भवती होने और फिर घर पर ही उसका गर्भपात होने के बाद दरिंदगी का खौफनाक राज खुला है। घटना के बाद पीड़िता को शिमला जिले के रामपुर स्थित अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 12:20 बजे परिजन 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को गंभीर हालत में रामपुर के एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल लेकर पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि शाम करीब 5 बजे घर पर ही नाबालिग का अचानक गर्भपात हो गया था। नाबालिग के गर्भवती होने और गर्भपात की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुनील दत्त ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी और एक लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत मिलने के बाद संबंधित पुलिस स्टेशन के प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर मामले की शुरूआती जांच की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला सच सामने आया है कि पीड़िता के साथ यह घिनौनी हरकत किसी और ने नहीं, बल्कि उसी के गांव के एक व्यक्ति ने की थी, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई थी। मेडिकल ऑफिसर की शिकायत और शुरूआती जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पोक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की गहन जांच में जुट गई है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप और लोगों में भारी रोष है।

