24.7 C
New York
Saturday, July 11, 2026

Buy now

नाहन में बवाल: सब्जी विक्रेता और सफाई कर्मी में खूनी झड़प; 3 FIR दर्ज!

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक बड़ा चौक में शनिवार सुबह उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब एक मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र मारपीट का रूप ले लिया। यह विवाद एक स्थानीय सब्जी विक्रेता और नगर परिषद के सफाई कर्मी के बीच हुआ। घटना के बाद नाहन पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए न सिर्फ स्थिति को संभाला, बल्कि विभिन्न धाराओं के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Description

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे बड़ा चौक में सब्जी विक्रेता और सफाई कर्मी के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष उलझ पड़े और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करवाकर गुन्नू घाट पुलिस चौकी ले आई।

मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि इस घटनाक्रम में एक नया मोड़ आ गया। जब पुलिस चौकी में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करने का प्रयास कर रही थी, तभी कुछ शरारती तत्वों ने गुन्नू घाट चौकी के ठीक सामने एक वाहन से सड़क पर भारी मात्रा में कूड़ा गिरा दिया। व्यस्त सड़क पर कूड़ा फैलने के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से कूड़े को हटाकर यातायात बहाल किया गया।

पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तीन अलग-अलग प्राथमिकियां (FIR) दर्ज की हैं। पहली प्राथमिकी मारपीट के संदर्भ में और दूसरी प्राथमिकी सड़क पर कूड़ा फेंककर यातायात बाधित करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ दर्ज की गई है। इसके अलावा, एक पीड़ित महिला सफाई कर्मी के बयान के आधार पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (Atrosity Act) के तहत एक और गंभीर मामला दर्ज किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक (ASP) योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई अमल में लाई है। मारपीट से लेकर सड़क पर कूड़ा फेंकने के मामले में कुल तीन अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस पूरी तत्परता और निष्पक्षता के साथ मामले की जांच कर रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और शरारत करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles