ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश में पुलिस विभाग के अंतर्गत पुलिस कांस्टेबल के कुल 734 पदों को भरा जाएगा। इन पदों को भरने के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 6 अगस्त तक आयोग की वैबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन लिंक स्वत: बंद कर दिया जाएगा।

लोक सेवा आयोग की ओर से विज्ञापित किए गए पदों की सूचना के अनुसार पुलिस कांस्टेबल (पुरुष) के 491 पद तथा पुलिस कांस्टेबल (महिला) के 243 पद भरे जाएंगे। दोनों पदों का वेतनमान पे लेवल-3 (20,200 रुपए से 64,000 रुपए) निर्धारित किया गया है। पुरुष वर्ग के 491 पदों में सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, बीपीएल, होमगार्ड तथा वार्ड ऑफ फ्रीडम फाइटर्स सहित विभिन्न श्रेणियों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है। वहीं महिला वर्ग के 243 पदों में भी सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, ईडब्ल्यूएस, होमगार्ड, पूर्व सैनिकों के आश्रित, बीपीएल तथा डब्ल्यूएफएफ श्रेणियों के लिए अलग-अलग पद आरक्षित किए गए हैं।
आयोग की सचिव निवेदिता नेगी ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन के अलावा किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और उन्हें सीधे निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि एक बार आवेदन अंतिम रूप से जमा होने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। आयोग ने साइबर कैफे या लोकमित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को भी अंतिम सबमिशन से पहले आवेदन पत्र की सभी जानकारियां अच्छी तरह जांच लेने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, पात्रता शर्तें, परीक्षा शुल्क और भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग द्वारा जारी विस्तृत विज्ञापन में उपलब्ध करवाई गई है।

