28.8 C
New York
Friday, July 10, 2026

Buy now

कांग्रेस सरकार ही हिमाचल की सबसे बड़ी आपदा, जनता तीन वर्षों से भुगत रही कुशासन का दंश : बलदेव तोमर

कांग्रेस सरकार ही हिमाचल की सबसे बड़ी आपदा, जनता तीन वर्षों से भुगत रही कुशासन का दंश : बलदेव तोमर

Description

जयराम ठाकुर से घबराई कांग्रेस ध्यान भटका रही, केंद्र ने उदार सहायता दी लेकिन सरकार ने कभी धन्यवाद तक नहीं कहा : बलदेव तोमर

शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कांग्रेस सरकार के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि यदि हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों की सबसे बड़ी आपदा किसी को कहा जा सकता है, तो वह स्वयं कांग्रेस सरकार है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश को विकास नहीं, बल्कि आर्थिक अव्यवस्था, प्रशासनिक विफलता और टूटे हुए चुनावी वादे दिए हैं।

बलदेव तोमर ने कहा कि कांग्रेस सरकार बार-बार चुनौतियों से लड़ने की बात करती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि जनता सरकार की नीतियों से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद दो हजार से अधिक सरकारी संस्थान बंद किए गए, युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं हुए और महिलाओं को हर महीने ₹1,500 देने की प्रमुख चुनावी गारंटी भी व्यापक स्तर पर पूरी नहीं की जा सकी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता बार-बार नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं क्योंकि उन्हें जयराम ठाकुर के जनाधार और प्रभाव का डर है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता में कौन बैठेगा, इसका निर्णय भाजपा या कांग्रेस नहीं बल्कि प्रदेश की जनता करती है। इसलिए कांग्रेस नेताओं को भाजपा की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी के भीतर की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री को राजस्व घाटा अनुदान (Revenue Deficit Grant) की चरणबद्ध समाप्ति की जानकारी पहले से थी। यह व्यवस्था 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार पूर्व निर्धारित थी और अब 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप राज्य को केंद्रीय करों में अधिक हिस्सेदारी दी गई है। ऐसे में आज इस विषय पर राजनीतिक बयान देना केवल जनता को भ्रमित करने का प्रयास है।

बलदेव तोमर ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले तीन वर्षों के दौरान करों में राज्य की हिस्सेदारी, वित्त आयोग की सिफारिशों, केंद्रीय योजनाओं, आपदा राहत तथा अन्य मदों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई है। हाल ही में 2023 की आपदा के पुनर्निर्माण के लिए भी केंद्र सरकार ने ₹2,006.40 करोड़ की विशेष सहायता स्वीकृत की। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने कभी भी केंद्र सरकार का सार्वजनिक रूप से धन्यवाद करना उचित नहीं समझा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद कंगना रनौत सहित भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि जनता की आवाज उठा रहे हैं। यदि सरकार आलोचना से बचना चाहती है तो उसे पहले अपने वादे पूरे करने होंगे और विकास कार्यों में तेजी लानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को बयानबाजी छोड़कर रोजगार, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास के मुद्दों पर काम करना चाहिए।

अंत में बलदेव तोमर ने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है। कांग्रेस सरकार अपनी विफलताओं का दोष विपक्ष पर डालकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। आने वाले समय में जनता कांग्रेस सरकार से उसके हर अधूरे वादे और हर प्रशासनिक विफलता का लोकतांत्रिक तरीके से हिसाब अवश्य लेगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles