ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक का इंतजार अब खत्म होने को है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में मानसून की उत्तराखंड और हिमाचल की ओर बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 30 जून तक मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसे देखते हुए 30 जून और 1 जुलाई के लिए भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में इस समय हो रही बारिश मानसून की नहीं है।
यह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और राजस्थान से बिहार तक बनी मौसमी द्रोणिका का परिणाम है। इस कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर वर्षा का दौर जारी है। हालांकि मौसम विभाग ने 26 से 29 जून तक भी अधिकांश हिस्सों में अंधड़, गर्जन और बिजली चमकने को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है। यदि मानसून निर्धारित समय के अनुसार आगे बढ़ता है, तो जुलाई के पहले सप्ताह से प्रदेश में व्यापक वर्षा का दौर शुरू हो सकता है, जिससे कृषि और बागवानी क्षेत्र को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वीरवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा दर्ज की गई है। शिमला और मशोबरा में 1-1 मिलीमीटर तथा सुंदरनगर में 0.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शिमला में अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे यहां मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं, मैदानी इलाके ऊना में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री रहा, जो पूरे हिमाचल में सबसे अधिक है। इसके अलावा बिलासपुर और नेरी में भी पारा 37 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सुंदरनगर में ओलावृष्टि की घटना दर्ज की गई, जबकि ताबो, सुंदरनगर और बिलासपुर में तेज हवाएं चलीं।

