ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती और इस बात को सच साबित कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के अंतर्गत आते पंचरुखी की महज 8 साल की नन्ही बेटी आशवी धीमान ने। जिस उम्र में बच्चे खिलौनों से खेलते हैं, उस उम्र में आशवी ने अपनी प्रतिभा के दम पर न सिर्फ इलाके का, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। हाल ही में आशवी की शानदार उपलब्धियों के ताज में एक और नगीना जुड़ गया है। इस नन्ही प्रतिभा को प्रतिष्ठित परम भूषण नैशनल एक्सीलैस अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है।
आशवी धीमान ने यह मुकाम सिर्फ एक दिन में हासिल नहीं किया है। मात्र 8 वर्ष की उम्र में उसने कला, अभिनय, मॉडलिंग और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी एक अलग और विशिष्ट पहचान कायम कर ली है। उसके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रही शानदार सफलताओं को देखते हुए उसे इस परम भूषण सम्मान से नवाजा गया है।
आशवी की उपलब्धियों की फेहरिस्त बहुत लंबी है। यह नन्ही स्टार अब तक 205 से अधिक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम कर चुकी है। सिर्फ अवार्ड ही नहीं, बल्कि आशवी धीमान ने प्रतिष्ठित ओरिएंट बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और यूनिवर्सल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करवाकर इतिहास रच दिया है।आशवी की इस कामयाबी पर पूरे पंचरुखी क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग इस नन्ही प्रतिभा के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

