28.7 C
New York
Friday, August 28, 2026

Buy now

शिमला स्कूल संचालिका हत्याकांड : 7 दिन के पुलिस रिमांड पर दोनों शूटर, अब खुलेंगी साजिश की परतें

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

राजधानी शिमला के चर्चित मनीषा मित्तल हत्याकांड में गिरफ्तार दोनों शूटरों को अदालत ने 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस सनसनीखेज मामले में अब पुलिस का पूरा ध्यान हत्या की साजिश रचने वाले उस मुख्य मास्टरमाइंड को बेनकाब करने पर टिक गया है। जानकारी के अनुसार शूटर आशीष (22) और दीपक (25) को 22 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। इस वारदात के महज 40 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को हरियाणा के रोहतक से दबोचा गया था और आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल बरामद की जा चुकी हैं।

पुलिस कांट्रैक्ट किलिंग और आपसी रंजिश के कोण से मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उन पर अवैध वसूली के मामले दर्ज हैं। पेशेवर पृष्ठभूमि को देखते हुए यह साफ है कि ये दोनों सिर्फ मोहरे हैं, जिन्हें मोटी रकम देकर भेजा गया था। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि दोनों शूटरों को शिमला किसने भेजा? हत्या की सुपारी किसने और कितने में दी? वारदात के पीछे की असली वजह क्या है?

स्कूल 17 तक बंद, सुरक्षा की गारंटी पर अड़े अभिभावक

सरस्वती पैराडाइज इंटरनैशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के बाद छात्र और अभिभावक खौफ में हैं। पीटीए और प्रबंधन के बीच हुई वार्ता के बाद स्कूल में 17 जून तक छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। अभिभावकों ने दो-टूक कहा है कि बच्चों की सुरक्षा को दांव पर नहीं लगाया जा सकता। जब तक पुलिस और जिला प्रशासन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं करते, वे बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। मांग की गई है कि स्कूल के तीनों गेटों पर स्थायी सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएं। अब 18 जून को स्कूल प्रबंधन के साथ होने वाली बैठक के बाद ही आगामी फैसला लिया जाएगा।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि मामले की जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी और इस हत्याकांड की साजिश में शामिल अन्य चेहरों की भूमिका को पूरी तरह खंगाला जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles