ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत टपरे में 26 साल के जवान अभिषेक कुमार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. रविवार को उनके पैतृक गांव नौहगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया. सुबह जब उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंची, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. तिरंगे में लिपटे बेटे को देख परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक और गमगीन हो गया. उनके असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है और सभी लोग शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं.
अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव देह को कुछ समय तक घर के आंगन में रखा गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद अंतिम यात्रा श्मशान घाट के लिए निकाली गई. “भारत माता की जय” और “तेरा वैभव अमर रहे मां” के गगनभेदी नारों के बीच पूरे सैन्य सम्मान के साथ अभिषेक कुमार का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान हर व्यक्ति की आंखें नम थीं. मृतक के बड़े भाई अरुण ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पार्थिव देह को मुखाग्नि दी.
परिजनों ने बताया कि अभिषेक कुमार काला पीलिया (जॉन्डिस) से पीड़ित थे और उनका इलाज दिल्ली के आर्मी आरआर अस्पताल में चल रहा था. शनिवार सुबह उन्होंने वहीं अंतिम सांस ली. महज 26 साल की आयु में उनका निधन परिवार और क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है. अभिषेक कुमार साल 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और देश सेवा में सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे. साल 2024 में उनका विवाह हुआ था और उनका पारिवारिक जीवन अभी शुरू ही हुआ था कि यह दुखद घटना घट गई.
अभिषेक कुमार के परिजनों ने बताया कि करीब एक महीने पहले वह छुट्टी समाप्त कर ड्यूटी पर हिसार लौटे थे. वहीं उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें खून की उल्टी व दस्त की शिकायत हुई. प्रारंभिक उपचार के बाद मेडिकल जांच में सामने आया कि वह काला पीलिया से ग्रस्त हैं. हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के आरआर अस्पताल में भर्ती करवाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं, सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है.
“अभिषेक कुमार के पिता जनक राज भी सेना में कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जिससे यह परिवार लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है. इतनी कम उम्र में अभिषेक कुमार का निधन पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद है. अभिषेक कुमार ने देश सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनका समर्पण सदैव याद रखा जाएगा.” – कैप्टन रंजीत सिंह, विधायक, सुजानपुर

