Sirmour : नेशनल हाईवे-07 पर सड़क हादसे में इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर..
ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 पर धौलाकुआं में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी महिला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पुष्पेंद्र (26) पुत्र विक्रम पाल सिंह, निवासी गांव जाटोंवाला, डाकघर कोलर, तहसील पांवटा साहिब ने बताया कि गत शनिवार शाम करीब 6:15 बजे वह अपने चचेरे भाई वंश के साथ धौलाकुआं से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से पांवटा साहिब की ओर से तेज रफ्तार कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों घायल हो गए। शिकायत के अनुसार कार एक महिला चला रही थी।
हादसे में घायल दोनों को परिजन उपचार के लिए अस्पताल ले गए। पुष्पेंद्र को नाहन अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि वंश को पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत के चलते उसे बड़े अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन देहरादून ले जाते समय रास्ते में वंश की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वंश अपने विनम्र स्वभाव, उत्कृष्ट संस्कारों और सादगी भरे व्यक्तित्व के लिए पूरे क्षेत्र में जाना जाता था। उनके अचानक चले जाने से न केवल परिवार, बल्कि पूरे कोलर इलाके में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि वंश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे यह दुख और भी अधिक गहरा हो गया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। उन्होंने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला चालक वाहन को तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत दिशा में चला रही थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच कार्रवाई कर दी है।

