13.1 C
New York
Monday, May 25, 2026

Buy now

सिरमौर की इस RTO से जरा बचके! एक ही दिन में किया 66 हजार चालान- वो भी सिर्फ 3 गाड़ियों का

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में परिवहन नियमों की अनदेखी करने वालों पर RTO सोना चंदेल ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। नाहन से टोगला नगला की ओर एक कार्यक्रम में जा रही RTO सिरमौर सोना चंदेल ने अपने दल के साथ रास्ते में विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण किया।

3 गाड़ियों का 66,500 चालान

इस दौरान नियमों के खुले उल्लंघन के कई गंभीर मामले सामने आए, जिन पर मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई। उन्होंने एक ही दिन तीन गाड़ियों का 66 हजार 500 रुपये चालान किया है।

पहला मामला टोगला नगला से पहले ब्यास गांव के पास सामने आया, जहां एक निजी बस को जांच के लिए रोका गया। बस में करीब 25 यात्री सवार थे, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि किसी भी यात्री के पास टिकट नहीं था।

एक के पास भी नहीं था टिकट

जांच में खुलासा हुआ कि कंडक्टर ने जानबूझकर यात्रियों को टिकट जारी नहीं किए थे। पूछताछ के दौरान कंडक्टर बहाने बनाता नजर आया। मामले की गंभीरता यहीं खत्म नहीं हुई, क्योंकि जांच में यह भी सामने आया कि कंडक्टर के पास वैध परिचालक लाइसेंस तक नहीं था।

यात्रियों की सुरक्षा और नियमों के इस खुले उल्लंघन को गंभीर मानते हुए RTO ने बस का 18,500 रुपये का चालान किया। साथ ही यात्रियों को भी भविष्य में बिना टिकट यात्रा न करने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई।

दूसरा मामला पांवटा साहिब-नाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर बोहलियों के समीप सामने आया। सड़क किनारे एक डंपर लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसमें न तो चालक मौजूद था और न ही कोई अन्य व्यक्ति। जब परिवहन विभाग की टीम ने डंपर की जांच की, तो उसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई।

डंपर को 47,000 रुपये का फटका

डंपर पर अंकित नंबर (HR58D-6107) था, जबकि जांच में उसका वास्तविक पंजीकरण नंबर (HR58D-0409) निकला। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे अपराध और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इस गंभीर मामले को देखते हुए RTO ने डंपर पर 47,000 रुपये का भारी चालान किया।

तीसरा मामला माजरा क्षेत्र के पास सामने आया- जहां एक निजी बस से सवारी खिड़की के बाहर चिप्स और अन्य खाद्य पदार्थों के पैकेट सड़क पर फेंकती हुई पाई गई। RTO ने तुरंत बस को रुकवाकर जांच की।

बस में नहीं था डस्टबिन

जांच में यह भी सामने आया कि बस में डस्टबिन ही मौजूद नहीं था, जबकि नियमों के अनुसार सभी सार्वजनिक वाहनों में डस्टबिन होना अनिवार्य है। इस लापरवाही पर बस स्टाफ को मौके पर ही डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए गए और 1,000 रुपये का चालान भी किया गया।

कार्रवाई के बाद RTO सोना चंदेल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। यात्रियों को चाहिए कि वे टिकट लेकर ही यात्रा करें, चालक और परिचालक सभी आवश्यक व वैध दस्तावेज साथ रखें और सार्वजनिक स्थलों को कूड़ेदान न बनाएं।

नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप

उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा की गारंटी है। भविष्य में भी इस तरह की औचक चेकिंग जारी रहेगी और जो भी नियमों की अनदेखी करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कड़ी कार्रवाई की जाएगी। RTO की इस कार्रवाई से जहां नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles