हिमाचल में 24 घंटे में दूसरा म*र्डर

हिमाचल में 24 घंटे में दूसरा म*र्डर

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र की फस्टे पंचायत के ट्यालू गांव में प्रवासी मिस्त्री दिग्विजय उर्फ गांगुली की हत्या के मामले में पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. महज तीन हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में मिस्त्री की कथित तौर पर फावड़े से वार कर हत्या कर दी गई. मामले में उसके साथ काम करने वाले दो सहायक मजदूरों की संलिप्तता सामने आई है.

पुलिस ने स्थानीय निवासी सुरजीत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बिहार के मधुबनी निवासी दूसरा आरोपी संतोष फरार है. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है.

प्रारंभिक जांच के अनुसार, मंगलवार रात तीनों ने एक साथ बैठकर शराब का सेवन किया था. इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर दोनों सहायक मजदूरों ने कथित तौर पर फावड़े से हमला कर दिग्विजय की हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी मौके से चले गए. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल खून से सना फावड़ा बरामद कर कब्जे में ले लिया है. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं.

हत्या की वारदात मंगलवार रात की बताई जा रही है, जबकि पुलिस को इसकी सूचना बुधवार शाम मिली. गांव के एक छोर पर सुनसान जगह स्थित कच्चे मकान के बरामदे में दिग्विजय का खून से लथपथ शव पड़ा था.बुधवार शाम कुछ लोग रामलीला देखने जा रहे थे. इसी दौरान घास से ढके रास्ते से गुजरते हुए उनकी नजर मकान पर पड़ी. मकान में लाइट जलती देखकर उन्होंने आगे बढ़कर आवाज लगाने की कोशिश की, लेकिन बरामदे में शव देखकर वे घबरा गए. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही डीएसपी रश्मि शर्मा और थाना प्रभारी नाजर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. वीरवार सुबह फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की. शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. परिजनों के अभी हमीरपुर नहीं पहुंचने की जानकारी है.

पुलिस ने मामले में फस्टे पंचायत निवासी सुरजीत पुत्र रमेश को गिरफ्तार किया है. उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है. वहीं, बिहार के मधुबनी निवासी फरार आरोपी संतोष को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हैं.जांच में सामने आया है कि मृतक टाइल लगाने का काम करता था और दोनों आरोपी उसके सहायक मजदूर थे. पुलिस के अनुसार, तीन हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद हत्या की वजह माना जा रहा है.वहीं एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है. घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

Related posts

Leave a Comment