‘गुरदीप सिंह गैरी’ के सहयोग ने सपना कराया साकार, श्रीलंका भेजा जसबीर सिंह ने देश की झोली में डाला स्वर्ण पदक..

पांवटा साहिब : कहते हैं कि किसी व्यक्ति की जिंदगी में बदलाव लाने के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि सही समय पर मिले छोटे-से सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास की आवश्यकता होती है। इस कहावत को साकार कर दिखाया है पांवटा साहिब के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष गुरदीप सिंह गैरी ने ! जिनके सहयोग और प्रेरणा से कोटड़ी व्यास निवासी जसबीर सिंह ने श्रीलंका में आयोजित दूसरी साउथ एशिया पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।

जसबीर सिंह के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना किसी सपने के साकार होने से कम नहीं था। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पूरी तन्मयता, लगन और ईमानदारी से प्रयासरत था। उसकी प्रतिभा, मेहनत और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा तो मजबूत था, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी उसके रास्ते में एक बड़ी बाधा बनकर खड़ी थी। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर आर्थिक अभाव के कारण कहीं सपना बनकर न रह जाए, यही उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी।

ऐसे कठिन समय में गुरदीप सिंह गैरी ने आगे बढ़कर न केवल जसवीर सिंह का हौसला बढ़ाया, बल्कि उसे आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उनका यह सहयोग महज आर्थिक मदद नहीं था, बल्कि एक संघर्षशील खिलाड़ी की प्रतिभा पर विश्वास, उसके सपनों के प्रति सम्मान और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए उठाया गया एक प्रेरणादायी कदम था। इसी सहयोग के परिणामस्वरूप जसबीर सिंह को श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ।

इस पूरी कहानी का सबसे भावुक और गौरवशाली क्षण तब आया, जब शाम लगभग 7 बजे गुरदीप सिंह गैरी के मोबाइल पर श्रीलंका से जसवीर सिंह का फोन आया। फोन पर उत्साह और भावनाओं से भरी आवाज में जसबीर सिंह ने कहा—”सर! मैंने देश के लिए गोल्ड मेडल जीत लिया है और अपनी यह जीत आपको समर्पित करता हूं।”

ये शब्द निश्चित रूप से केवल एक खिलाड़ी की सफलता का संदेश नहीं थे, बल्कि उस विश्वास, सहयोग और आत्मीयता का प्रतिफल थे, जिसने एक संघर्षरत खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का रास्ता दिखाया।

 

Related posts

Leave a Comment